कांग्रेस ने उत्तराखंड में इस नेता को दी बड़ी जिम्मेदारी..
उत्तराखंड: कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना को प्रदेश उपाध्यक्ष (प्रशासन एवं संगठन) की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। आज 24 मार्च को सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और संगठन को मजबूत करने में उनके योगदान की सराहना की।
सूर्यकांत धस्माना लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें एक कुशल प्रशासक और संगठनकर्ता माना जाता है, जिनकी जिम्मेदारी अब पूरे प्रदेश संगठन को अधिक प्रभावी बनाने की होगी। संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर उनकी भूमिका अहम होगी। यह नियुक्ति उत्तराखंड कांग्रेस के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिससे पार्टी की संगठनात्मक पकड़ और मजबूत होगी।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सूर्यकांत धस्माना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के उपाध्यक्ष (प्रशासन एवं संगठन) पद पर नियुक्त किए जाने की वजह स्पष्ट की है। PCC की कार्यकारिणी का विधिवत गठन अभी नहीं हुआ है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन में दिक्कत हो रही थी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से होने वाले संगठनात्मक कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए इस पद पर किसी अनुभवी नेता की आवश्यकता थी। सूर्यकांत धस्माना के लंबे अनुभव और संगठनात्मक दक्षता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनका कहना हैं कि कांग्रेस के कई कार्यक्रम लगातार चल रहे हैं और आने वाले समय में और भी कई कार्यक्रम पाइपलाइन में हैं। 21 और 22 मार्च को देहरादून में कांग्रेस के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसके अलावा पार्टी की ओर से कांग्रेस आपके द्वार, कुटुंब कांग्रेस, मेरा वोट मेरा अधिकार जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
आगामी चुनावों को देखते हुए समय कम रह गया है। इस महत्वपूर्ण पद के रिक्त होने से पार्टी के कार्यक्रमों पर असर पड़ रहा था। इसलिए एक योग्य व्यक्ति के रूप में सूर्यकांत धस्माना को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के औपचारिक गठन तक प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन एवं संगठन के रूप में कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है। सभी वरिष्ठ नेताओं से राय लेने के बाद उन्हें इस पद पर नियुक्त किया गया है। इधर पार्टी मुख्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद सूर्यकांत धस्माना ने पार्टी सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह चुनौती पूर्ण समय है। जबकि दूसरी तरफ प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के 8 वर्षों के कार्यकाल में त्राहिमाम त्राहिमाम कर रही है।
धस्माना ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार 3 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रदेश भर में जश्न मना रही है, लेकिन राज्य में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामले बढ़ रहे हैं, बेरोजगारी और महंगाई से जनता त्रस्त है। राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। देहरादून में ट्रैफिक व्यवस्था का बुरा हाल है। ऐसे समय में जो जिम्मेदारियां प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
धस्माना का कहना हैं कि वह पार्टी के सभी साथियों के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। साथ ही वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। आपको बता दें कि पहले यह जिम्मेदारी मथुरा दत्त जोशी संभाल रहे थे, लेकिन निकाय चुनाव से कुछ समय पहले उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। तब से यह पद खाली पड़ा था। लेकिन अब पार्टी ने इस अहम पद पर सूर्यकांत धस्माना को अहम जिम्मेदारी सौंपी है।