Breaking
Fri. Jan 23rd, 2026

सरकार का बड़ा फैसला, सेब के कोल्ड स्टोरेज पर चार करोड़ तक अनुदान..

सरकार का बड़ा फैसला, सेब के कोल्ड स्टोरेज पर चार करोड़ तक अनुदान..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के सेब उत्पादक किसानों को उनकी फसल का बेहतर दाम दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। सरकार अब सेब के कोल्ड स्टोरेज (शीतगृह) निर्माण पर निजी क्षेत्र को चार करोड़ रुपये तक का अनुदान देगी, जबकि सहकारी संस्थानों के लिए यह अनुदान पांच करोड़ 60 लाख रुपये तक रखा गया है। इसके साथ ही सरकार ने रोपवे निर्माण की योजना भी तैयार की है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों से सेब का परिवहन आसान और तेज हो सकेगा। सरकार का मानना है कि उचित भंडारण व्यवस्था और जगह-जगह रोपवे बनने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।

उत्तराखंड की जलवायु सेब उत्पादन के लिए अनुकूल मानी जाती है। वर्तमान में राज्य के उत्तरकाशी, चकराता (देहरादून), चमोली, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में बड़े पैमाने पर सेब का उत्पादन हो रहा है। बावजूद इसके भंडारण की पर्याप्त सुविधा न होने और परिवहन में देरी के कारण किसानों को सेब के अपेक्षित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। अक्सर परिवहन में देरी के चलते सेब की गुणवत्ता प्रभावित हो जाती है, जिससे किसानों को मजबूरन फसल औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ती है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सेब की तुड़ाई के बाद फसल प्रबंधन के लिए यह विशेष योजना तैयार की है। सरकार का उद्देश्य है कि सेब उत्पादक किसानों को आधुनिक भंडारण और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे अपनी मेहनत का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें और राज्य में सेब उत्पादन को नई मजबूती मिल सके।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *