Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

चारधाम रूट पर सुरक्षा चाक-चौबंद, हर 10 किमी पर पुलिस की तैनाती..

चारधाम रूट पर सुरक्षा चाक-चौबंद, हर 10 किमी पर पुलिस की तैनाती..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष 19 अप्रैल से विधिवत शुरू होने जा रही है। यात्रा का शुभारंभ गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सभी विभाग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। सुरक्षा के लिहाज से इस बार विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप के अनुसार, यात्रा शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले ही पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती कर दी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। यात्रा मार्ग को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां हर 10 किलोमीटर पर चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही संवेदनशील माने जाने वाले 57 भूस्खलन जोन में जेसीबी मशीनें तैनात की जाएंगी, जिससे मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तुरंत राहत कार्य शुरू किया जा सके।

चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन भी एक बड़ी चुनौती रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है, ताकि जाम की समस्या को नियंत्रित किया जा सके और यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव मिले। यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस बार स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया गया है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में नव-निर्मित अस्पतालों को संचालन में लाया जाएगा, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही पर्यटन, स्वास्थ्य, बिजली, लोक निर्माण, पेयजल, परिवहन, पशुपालन सहित अन्य विभाग भी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *