पिथौरागढ़ अस्पताल में सीएम धामी ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं, अधिकारियों को दिए निर्देश..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। अपने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान सीएम अचानक जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और वहां भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार संबंधी जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार को लेकर फीडबैक भी लिया। सीएम ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएम धामी ने अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में सभी चिकित्सकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। सीएम ने अस्पताल के दवा स्टोर का भी निरीक्षण किया और आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं समेत अन्य जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए और आम लोगों को समय पर बेहतर उपचार मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सीएम ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्था मरीजों के बेहतर उपचार के लिए बेहद जरूरी है। सीएम के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में भी हलचल बनी रही। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अस्पताल में संचालित व्यवस्थाओं और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। सरकार की ओर से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जिला अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

