Breaking
Wed. May 13th, 2026

राष्ट्रहित में आगे आएं नागरिक, ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील..

राष्ट्रहित में आगे आएं नागरिक, ऊर्जा संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील..

 

 

उत्तराखंड: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच देशभर में ऊर्जा बचत को लेकर सरकार गंभीर नजर आ रही है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस और अन्य ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के चलते केंद्र सरकार लगातार सीमित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद अब उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों से ऊर्जा संरक्षण और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है।

सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में आयोजित एक रैली के दौरान पश्चिम एशिया संकट का जिक्र करते हुए देशवासियों से कई अहम सुझाव साझा किए थे। उन्होंने विदेशी मुद्रा संरक्षण और ऊर्जा बचत के लिए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का अधिक इस्तेमाल करने और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम को अपनाने की भी सलाह दी।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से एक वर्ष तक विदेश यात्राएं टालने और सोने की खरीदारी सीमित करने का भी आह्वान किया। उनका कहना था कि इससे देश की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी और आर्थिक मजबूती को बल मिलेगा। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री के संदेश का समर्थन करते हुए कहा कि यदि हर नागरिक छोटे-छोटे संकल्प ले तो उसका असर देश की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक रूप से दिखाई देगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें और ऊर्जा की बचत को अपनी आदत बनाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए और खाद्य तेल सहित अन्य संसाधनों का भी संयमित उपयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री के अनुसार ऐसे छोटे प्रयास देश को आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोग हमेशा राष्ट्रहित के मुद्दों में आगे रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के आह्वान को जन आंदोलन का रूप देगी। उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हर नागरिक अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभाएगा। सीएम ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जनभागीदारी से यह संकल्प और मजबूत होगा।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *