Breaking
Thu. May 14th, 2026

चुनाव आयोग की तैयारी तेज, उत्तराखंड में जून से शुरू होगा मतदाता सत्यापन..

चुनाव आयोग की तैयारी तेज, उत्तराखंड में जून से शुरू होगा मतदाता सत्यापन..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आगामी चुनावों को लेकर निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम 8 जून से शुरू होगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और मतदाता सूची को अपडेट करने का काम करेंगे। निर्वाचन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 मई से 7 जून तक पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां और अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि मृत, स्थानांतरित या अयोग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया है कि पुनरीक्षण के बाद प्रारूप मतदाता सूची 14 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया जाएगा। इस अवधि में मतदाता अपने नाम, पते या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। सभी आपत्तियों और दावों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रेस वार्ता करेंगे। माना जा रहा है कि इस बार निर्वाचन आयोग मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दे रहा है। इसके लिए जमीनी स्तर पर निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को मजबूत किया जाएगा।

निर्वाचन विभाग ने लोगों से अपील की है कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और अपने मतदाता पहचान संबंधी विवरणों की जांच अवश्य कर लें। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को हटाकर सूची को पूरी तरह अद्यतन बनाया जा सके। राज्यभर में चलने वाला यह विशेष अभियान चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *