Breaking
Mon. May 25th, 2026

ग्रामीण युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान, खटीमा में खुली आधुनिक लाइब्रेरी..

ग्रामीण युवाओं के सपनों को मिलेगी उड़ान, खटीमा में खुली आधुनिक लाइब्रेरी..

 

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में विकासखंड कार्यालय परिसर के भीतर कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। सीएम ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित ‘दीदी की लाइब्रेरी’, 7.50 लाख रुपये की लागत से तैयार व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से आधुनिकीकृत विकासखंड सभागार का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, युवाओं के विकास और महिला सशक्तिकरण को राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार होती है। उन्होंने कहा कि खटीमा में स्थापित की गई ‘दीदी की लाइब्रेरी’ विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह पुस्तकालय छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें अपने लक्ष्य तय करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

सीएम ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले कई प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में यह लाइब्रेरी उन युवाओं के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी। यहां उपलब्ध पुस्तकों और अध्ययन सामग्री से छात्र उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य करियर विकल्पों की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और इसी सोच के तहत इस लाइब्रेरी का संचालन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के माध्यम से किया जाएगा। इससे महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलेगा।

सीएम धामी ने व्यायामशाला भवन के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है और आधुनिक व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा दिया जा रहा है और उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए लगातार प्रेरित कर रही है।

सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनका गृह क्षेत्र होने के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का केंद्र भी है और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई सुविधाओं के माध्यम से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए मजबूत आधार मिलेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *