Breaking
Tue. Sep 8th, 2026

उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को मिलेगा सम्मान, 26 सितंबर तक आवेदन..

उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजनों को मिलेगा सम्मान, 26 सितंबर तक आवेदन..

 

 

उत्तराखंड: दिव्यांगजनों की प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए समाज कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पुरस्कारों के लिए पात्र दिव्यांगजन और संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। चयनित लोगों को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले समारोह में राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि पुरस्कार के लिए उत्कृष्ट एवं दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, स्व-रोजगार के क्षेत्र में कार्य कर रहे दिव्यांग व्यक्ति, दिव्यांगजनों के सेवायोजक अथवा प्लेसमेंट अधिकारी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने इन श्रेणियों में पात्र लोगों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे हैं।

आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, नवीनतम फोटो, विस्तृत बायोडाटा या जीवन परिचय और विशेष उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करना जरूरी होगा। इसके साथ ही संबंधित संस्तुति भी देनी होगी। आवेदक को 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह उल्लेख करना होगा कि उसे इससे पहले किसी राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है। विभाग के अनुसार आवेदन पत्र और सभी आवश्यक दस्तावेज तीन मूल प्रतियों में निर्धारित प्रारूप के अनुसार तैयार करने होंगे। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन 26 सितंबर 2026 तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, 26 ईसी रोड, सर्वे चौक के समीप, देहरादून में जमा कर सकते हैं। समाज कल्याण विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों और संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि वे अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करें।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *