राज्य कर्मचारियों को जल्द मिलेगा 3% DA का लाभ? 63 फीसदी भत्ते पर मंथन तेज..
उत्तराखंड: दीपावली से पहले तदर्थ बोनस का तोहफा मिलने के बाद अब उत्तराखंड के राज्य कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात मिलने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (DA) 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत करने की तैयारी में है। इस संबंध में जल्द निर्णय लिए जाने के संकेत मिले हैं। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने बताया कि राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव पर जल्द फैसला हो सकता है। इसके लिए वित्त विभाग को 1 जुलाई 2026 से 63 प्रतिशत डीए लागू करने से संबंधित पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारी संगठनों ने उठाया डीए बढ़ोतरी का मुद्दा
दरअसल, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय ने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु से मुलाकात कर कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा की थी। इस दौरान केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता देने और दीपावली से पहले तदर्थ बोनस जारी करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों की बोनस संबंधी मांग पर शासन की ओर से सोमवार को आदेश जारी कर दिया गया है। इसके बाद अब कर्मचारी संगठन की नजर महंगाई भत्ते में प्रस्तावित बढ़ोतरी पर टिकी है।
वाहन भत्ते की फाइल पर भी जल्द कार्रवाई की उम्मीद
डीए के अलावा राज्य कर्मचारियों के लंबित वाहन भत्ते का मामला भी शासन के समक्ष रखा गया है। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडेय ने वित्त सचिव दिलीप जावलकर से मुलाकात कर वाहन भत्ते से जुड़ी लंबित पत्रावली पर चर्चा की। इस पर वित्त सचिव ने आश्वासन दिया कि संबंधित फाइल पर जल्द कार्रवाई कर उसे स्वीकृति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया जाएगा। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शासन स्तर पर हुई इन बैठकों को कर्मचारियों की मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है। संगठन को उम्मीद है कि तदर्थ बोनस के बाद अब डीए में तीन प्रतिशत वृद्धि और वाहन भत्ते से जुड़े मामलों पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।

