Breaking
Thu. Nov 5th, 2026

दीपावली से पहले 10 लाख पेंशनधारकों के खातों में पहुंचे 148 करोड़..

दीपावली से पहले 10 लाख पेंशनधारकों के खातों में पहुंचे 148 करोड़..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों के बीच राज्य सरकार ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर महीने की पेंशन जारी कर दी है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान DBT के माध्यम से प्रदेश के 9,99,484 लाभार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव और विभागीय निदेशक संजय टोलिया समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पेंशन योजनाओं के माध्यम से बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि DBT व्यवस्था लागू होने से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और सहायता राशि सीधे पात्र लोगों के बैंक खातों तक पहुंच रही है। अक्टूबर महीने में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रदेश के 6,24,616 बुजुर्गों को 93.69 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है। वहीं, विधवा पेंशन के तहत 2,39,527 महिलाओं के खातों में 35.93 करोड़ रुपये भेजे गए। दिव्यांग पेंशन योजना के 89,971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। इसके अलावा किसान पेंशन के 27,092, परित्यक्ता पेंशन के 8,442, भरण-पोषण अनुदान के 7,461, तीलू रौतेली पेंशन के 2,248 और बौना पेंशन योजना के 127 लाभार्थियों को भी भुगतान किया गया है।

सीएम ने कहा कि पेंशन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करना भी है। उन्होंने दस्तावेजों की कमी के कारण पेंशन प्राप्त करने में आ रही परेशानियों का जिक्र करते हुए बताया कि ऐसे मामलों के समाधान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत करीब 7 हजार ऐसे लाभार्थियों को भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है, जिनके जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं थे। धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन वितरण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी सहायता पाने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा और भैयादूज जैसे त्योहारों से पहले लाभार्थियों तक पेंशन पहुंचाने का प्रयास किया गया है, ताकि जरूरतमंद परिवार भी त्योहार खुशी के साथ मना सकें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *