Breaking
Mon. Nov 9th, 2026

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, UKPSC में 54 पदों पर भर्ती..

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, UKPSC में 54 पदों पर भर्ती..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सम्मिलित राज्य सिविल (अवर) अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के तहत भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के माध्यम से विभिन्न विभागों में कुल 54 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कर अधिकारी और गन्ना विकास निरीक्षक के पद शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 20 पद विपणन निरीक्षक के हैं। नायब तहसीलदार के 13, आबकारी निरीक्षक के चार, पूर्ति निरीक्षक के दो, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पांच और कर अधिकारी के पांच पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का एक और गन्ना विकास निरीक्षक के चार पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

आवेदन शुल्क और परीक्षा केंद्रों की जानकारी
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को 166.36 रुपये जमा करने होंगे। वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 76.36 रुपये निर्धारित किया गया है।
लोअर पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा उत्तराखंड के 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग शामिल हैं। प्रारंभिक परीक्षा में कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 150 अंकों की होगी और प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा।

मुख्य परीक्षा 600 और साक्षात्कार 75 अंकों का
भर्ती प्रक्रिया में प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मुख्य परीक्षा में चार प्रश्नपत्र होंगे। भाषा एवं सामान्य हिंदी और निबंध के प्रश्नपत्र 100-100 अंकों के होंगे, जबकि सामान्य अध्ययन प्रथम और सामान्य अध्ययन द्वितीय के प्रश्नपत्र 200-200 अंकों के निर्धारित किए गए हैं। इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को 75 अंकों के साक्षात्कार में शामिल होना होगा।

26 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन पत्र में किसी तरह की त्रुटि सुधारने के लिए 3 दिसंबर से 12 दिसंबर 2026 तक संशोधन का अवसर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विज्ञापन में शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

PCS-J परीक्षा में वंशिका गहलोत ने किया टॉप
इधर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस-जे परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया है। जारी परिणाम में वंशिका गहलोत ने पहला स्थान हासिल किया है। परीक्षा की खास बात यह रही कि सफल घोषित किए गए आठ अभ्यर्थियों में सात बेटियां शामिल हैं। न्यायिक सेवा परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों के इस प्रदर्शन को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर लोअर पीसीएस भर्ती से युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिला है, वहीं पीसीएस-जे के नतीजों ने प्रदेश की बेटियों की सफलता को भी चर्चा में ला दिया है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *