Breaking
Tue. Mar 10th, 2026

अल्मोड़ा के नंदा देवी मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण, डेढ़ करोड़ की राशि रिलीज..

अल्मोड़ा के नंदा देवी मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण, डेढ़ करोड़ की राशि रिलीज..

 

 

 

उत्तराखंड: सांस्कृतिक एवं धार्मिक नगरी अल्मोड़ा में स्थित मां नंदा देवी के मंदिर का जल्द सौंदर्यीकरण होगा। जिसके तहत अनेक कार्य होंगे। मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना के तहत इस मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की राशि रिलीज की गई है। विभागीय प्रक्रियाओं के बाद जल्द ही यहां निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। मानसखंड मंदिर माला के तहत देवभूमि के विभिन्न मंदिरों में सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए मंदिर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें अल्मोड़ा जिले के अनेक मंदिरों को भी शामिल किया गया है। इन मंदिरों में अल्मोड़ा के ऐतिहासिक व धार्मिक मां नंदा देवी मंदिर को भी इस सूची में शासन द्वारा शामिल किया गया है।

आपको बता दें कि, मां नंदा देवी उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं में पूज्यनीय लोकप्रिय देवी हैं। इस मंदिर में देशभर से लोग दर्शन को पहुंचते हैं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देते हुए इस मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार की ओर से करीब चार करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं। मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना के तहत इसमें पहली किश्त के रूप में करीब डेढ़ करोड़ रुपये रिलीज भी कर दिए गए हैं। जल्द ही मंदिर में विभिन्न कार्य शुरू होंगे। शीघ्र ही लाइटिंग, नए गेट का निर्माण समेत मंदिर को पुराने स्वरूप में लौटाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग को निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य का जिम्मा सौंपा गया है। जिला पर्यटन अधिकारी अमित लोहनी का कहना हैं कि धनराशि अवमुक्त होने के बाद विभागीय प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। शीघ्र ही इस मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उनका कहना हैं कि सौंदर्यीकरण के कार्य के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी यहां पूरा ख्याल रखा जाएगा।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *