Breaking
Fri. Jan 23rd, 2026

23 दिसंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी, नए फॉर्मेट में खेल महाकुंभ..

23 दिसंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी, नए फॉर्मेट में खेल महाकुंभ..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में खेलों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से इस वर्ष खेल महाकुंभ को नए प्रारूप में ‘मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26’ के नाम से आयोजित किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित खेल आयोजन की शुरुआत 23 दिसंबर से होने जा रही है। यह जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान दी। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतियोगिता को और अधिक व्यापक व व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है, ताकि ग्रासरूट स्तर से प्रतिभाओं की पहचान की जा सके। खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन चार चरणों में किया जाएगा। इसमें न्याय पंचायत स्तर, विधानसभा स्तर, संसदीय क्षेत्र स्तर और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। प्रतियोगिता के दौरान कुल 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि इस बार परंपरागत खेलों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है, जिससे राज्य की लोक खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का मजबूत मंच देना है। मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के जरिए राज्य को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मिलने की उम्मीद है।

 

उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 का समापन 28 जनवरी को किया जाएगा। समापन समारोह में विजेता टीम को मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि चैंपियन का चयन खिलाड़ियों द्वारा जीते गए पदकों (मेडल) के आधार पर दिए गए अंकों के कुल योग से किया जाएगा। इसके साथ प्रतियोगिता में सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को दो लाख रुपये और विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को एक लाख रुपये की नकद इनामी राशि दी जाएगी। खेल मंत्री ने यह भी कहा कि यदि कोई खिलाड़ी इस प्रतियोगिता के दौरान राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ता है, तो उसे एक लाख रुपये की अतिरिक्त पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सीएम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 14 अक्टूबर से शुरू कर दिए गए थे। अब तक एक लाख 10 हजार से अधिक खिलाड़ी अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जो इस आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 22 दिसंबर तक खुली रहेगी। रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है और खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

 

दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग प्रतियोगिता..

प्रदेश के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए इस बार एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी की प्रतियोगिताएं अलग से आयोजित की जाएंगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की इस श्रेणी के लिए भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खेल मंत्री ने सचिवालय स्थित एनआईसी कार्यालय से प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को सुचारू और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। रेखा आर्या ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि ट्रायल और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी के पास जूते और ट्रैकसूट अनिवार्य रूप से हों, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, ठंड के मौसम को देखते हुए खिलाड़ियों के बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हर खेल स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ियों के लिए रात्रि विश्राम, भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर वर्ग के खिलाड़ी को समान अवसर मिले और मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी को एक समावेशी और सुरक्षित खेल आयोजन के रूप में सफल बनाया जाए।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *