77वें गणतंत्र दिवस पर राज्यपाल ने अफसरों व पुलिस कर्मियों को किया सम्मानित..
उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। राजधानी स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरमीत सिंह द्वारा ध्वजारोहण और परेड की सलामी लेने से हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों की ओर से तैयार की गई झांकियों की प्रदर्शनी निकाली गई, जिसमें प्रत्येक विभाग ने अपने कार्य क्षेत्र और उपलब्धियों को दर्शाया। इस बार सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की झांकी को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया, जिसका विषय था ‘रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन। झांकियों की प्रदर्शनी में विभागों ने अपने क्षेत्रों की जानकारी और पहलों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों के प्रदर्शन के बाद डीजीपी समेत तमाम पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सेना दल के प्रदर्शन में सीआरपीएफ प्लाटून को पहला, आईटीबीपी प्लाटून को दूसरा और डोगरा रेजिमेंट प्लाटून को तीसरा स्थान प्रदान किया गया। झांकियों के मूल्यांकन में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को लगातार तीसरी बार पहला स्थान, संस्कृत शिक्षा विभाग को दूसरा और विद्यालयी शिक्षा विभाग को तीसरा स्थान मिला। कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यपाल ने सचिवालय के चार अधिकारियों और छह पुलिस कर्मियों को राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया। सम्मानित अधिकारियों में डॉ. नीरज सिंघल, सहायक निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास, प्रभाग अधिकारी आलोक कुमार सिंह और समीक्षा अधिकारी राकेश सिंह असवाल शामिल थे। इस प्रकार, गणतंत्र दिवस 2026 का कार्यक्रम न केवल देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रदर्शन का प्रतीक बना, बल्कि विभागीय पहलों और अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों को सराहने का अवसर भी प्रदान किया।
राज्यपाल ने इन पुलिस कर्मचारियों को किया सम्मानित..
यशपाल सिंह, निरीक्षक नागरिक पुलिस एसटीएफ, देहरादून।
नरोत्तम बिष्ट, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एसटीएफ, देहरादून।
देवेंद्र कुमार, आरक्षी 21 नागरिक पुलिस एसटीएफ, देहरादून।
भूपेंद्र सिंह मर्तोलिया, मुख्य आरक्षी एसटीएफ, कुमाऊं।
सुनील कुमार, अपर उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस, पौड़ी गढ़वाल।
सुनील रावत, मुख्य आरक्षी 114 नागरिक पुलिस, देहरादून।

