Breaking
Sun. Mar 22nd, 2026

गढ़वाल के दौरे पर सीडीएस अनिल चौहान, 21 फरवरी को श्रीनगर पहुंचेंगे..

गढ़वाल के दौरे पर सीडीएस अनिल चौहान, 21 फरवरी को श्रीनगर पहुंचेंगे..

 

 

उत्तराखंड: देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान जल्द ही अपने गृह राज्य उत्तराखंड के दौरे पर आने वाले हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सीडीएस जनरल अनिल चौहान 21 फरवरी को श्रीनगर गढ़वाल पहुंचेंगे, जहां वे गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के एक विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित किया जाएगा। अपने प्रवास के दौरान सीडीएस जनरल अनिल चौहान विश्वविद्यालय में आयोजित शैक्षणिक, संवादात्मक और प्रेरणादायी सत्रों में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों को देश की सुरक्षा नीति, सशस्त्र बलों की भूमिका, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति, कर्तव्यबोध और नेतृत्व कौशल को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

सीडीएस के आगमन को लेकर गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में एक अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कुलसचिव अनीस उज ज़मान, कार्यक्रम समन्वयक प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट, वित्त अधिकारी प्रो. एन.एस. पंवार, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं, चीफ प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार, उपकुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय ध्यानी, अधिशासी अभियंता प्रो. बृजेश गांगिल, जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा और सहायक कुलसचिव (प्रशासन) सूर्य प्रकाश बादल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, मीडिया समन्वय और विद्यार्थियों की सहभागिता जैसे अहम पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम को गरिमामय और सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि सीडीएस जनरल अनिल चौहान का विश्वविद्यालय आगमन पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा, बल्कि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय महत्व के विषयों में सक्रिय भूमिका को भी दर्शाएगा। इससे युवा वर्ग को राष्ट्रसेवा और सशस्त्र बलों के प्रति प्रेरित करने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि सीडीएस जनरल अनिल चौहान पौड़ी गढ़वाल जिले के गवांणा गांव के मूल निवासी हैं। वे 11 गोरखा राइफल्स से जुड़े रहे हैं और उन्होंने 30 सितंबर 2022 को देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के रूप में पदभार संभाला था। अपने गृह राज्य में उनका यह दौरा विश्वविद्यालय समुदाय के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी विशेष महत्व रखता है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *