Breaking
Tue. Feb 24th, 2026

होली पर कॉर्बेट के सभी पर्यटन जोन बंद, दो दिन नहीं मिलेगी एंट्री..

होली पर कॉर्बेट के सभी पर्यटन जोन बंद, दो दिन नहीं मिलेगी एंट्री..

 

 

 

उत्तराखंड: होली के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जंगल की शांति व्यवस्था और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क तथा उससे जुड़े बाहरी पर्यटन जोन 3 और 4 मार्च को पर्यटकों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। वन विभाग और कॉर्बेट प्रशासन हर वर्ष त्योहार के दौरान संभावित भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए यह निर्णय लेते हैं। प्रशासन के अनुसार 3 मार्च को सुबह की निर्धारित जंगल सफारी अपने तय समय पर संचालित होगी, लेकिन दोपहर की सफारी और नाइट स्टे पूरी तरह बंद रहेगा। 4 मार्च (होली) के दिन सुबह और शाम दोनों पालियों की सफारी के साथ-साथ रात्रि विश्राम पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। 5 मार्च से सभी पर्यटन गतिविधियां सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएंगी।

कॉर्बेट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ढिकाला, बिजरानी, ढेला, दुर्गादेवी और गिरिजा पर्यटन जोन में इन दो दिनों के दौरान सफारी और नाइट स्टे की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसके साथ ही रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाले सीतावनी, कोटा और कालाढूंगी जोन भी बंद रहेंगे। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो और हाथी डगर पर्यटन क्षेत्र में भी पर्यटक प्रवेश पर रोक रहेगी। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह के अनुसार होली के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचते हैं। कुछ मामलों में जंगल क्षेत्रों में शोर-शराबा और अनुशासनहीन गतिविधियों से वन्यजीवों की दिनचर्या प्रभावित होती है। इसी कारण विभाग ने एहतियातन यह कदम उठाया है। ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर पहले ही 3 और 4 मार्च को अवकाश की सूचना जारी कर दी गई थी, ताकि पर्यटक अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुरूप बना सकें।

नियमों के पालन की अपील

वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे जंगल की संवेदनशीलता को समझते हुए नियमों का पालन करें और संरक्षण प्रयासों में सहयोग दें। अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय वन्यजीव संरक्षण, पर्यटकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि होली के दौरान भी जंगल का प्राकृतिक संतुलन और शांति बनी रहे।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *