बैडमिंटन में भारत का गौरव, लक्ष्य सेन ने दोबारा बनाई ऑल इंग्लैंड ओपन फाइनल में जगह..
उत्तराखंड: लक्ष्य सेन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय शटलर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी। इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में उत्साह है और उत्तराखंड सहित पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से ताल्लुक रखने वाले लक्ष्य सेन ने पूरे मैच के दौरान संयम, फिटनेस और आक्रामक खेल का बेहतरीन संतुलन दिखाया। सेमीफाइनल मुकाबले में उनका सामना कनाडा के शटलर Victor Lai से हुआ। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और तीन गेम तक चला। लक्ष्य सेन ने पहला गेम 21-16 से अपने नाम किया, हालांकि दूसरे गेम में उन्हें 18-21 से हार का सामना करना पड़ा। निर्णायक गेम में उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए 21-15 से जीत दर्ज की और फाइनल का टिकट पक्का किया।
करीब एक घंटा 37 मिनट तक चले इस मुकाबले में लक्ष्य सेन को शारीरिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। मैच के दौरान उनके पैर में छाले पड़ गए और थकान भी साफ नजर आई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। दबाव के क्षणों में धैर्य बनाए रखते हुए उन्होंने अपने अनुभव और तकनीक का शानदार इस्तेमाल किया। इस जीत के साथ लक्ष्य सेन दूसरी बार ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं। यह उपलब्धि भारतीय बैडमिंटन के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह टूर्नामेंट विश्व बैडमिंटन के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में गिना जाता है। अब फाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन का सामना ताइवान (चीनी ताइपे) के खिलाड़ी Lin Chun-yi से होगा। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए लक्ष्य सेन खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे हैं। लक्ष्य सेन की इस सफलता ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा दी है। उनकी उपलब्धि भारतीय खेल जगत के लिए गर्व का क्षण मानी जा रही है।

