उड़ान योजना के तहत बड़ी पहल, देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए हेली सेवा जल्द..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) ‘उड़ान’ के तहत राज्य की राजधानी देहरादून और सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के बीच जल्द ही हेली सेवा शुरू होने की तैयारी है। इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है। जानकारी के अनुसार देहरादून-पिथौरागढ़ रूट पर हेली सेवा शुरू करने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इस मार्ग पर उड़ान संचालन के लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी इस रूट पर नियमित हेली सेवाएं शुरू करेगी, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
इससे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार से देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं को सुदृढ़ करने का आग्रह किया था। इसी क्रम में केंद्र सरकार ने इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कदम उठाए हैं। साथ ही केंद्र अन्य विमानन कंपनियों से भी संपर्क में है, ताकि भविष्य में इस रूट पर नियमित विमान सेवाएं भी शुरू की जा सकें। उल्लेखनीय है कि ‘उड़ान’ योजना के तहत उत्तराखंड में पहले से ही कई दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों को हेली सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। वर्तमान में राज्य में करीब 30 रूटों पर हेली सेवाएं संचालित हो रही हैं, जिससे पर्यटन, आपदा प्रबंधन और स्थानीय लोगों की आवाजाही में काफी सुविधा मिली है।
इसी के साथ केंद्र सरकार ने राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास को भी गति देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लंबित भुगतान के निस्तारण के साथ-साथ दूसरे और तीसरे चरण के कार्यों को पूरा करने की समयसीमा मार्च 2027 तक बढ़ा दी गई है। इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी राज्य सरकार को पत्र के माध्यम से जानकारी दी है। राज्य सरकार का मानना है कि देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई संपर्क शुरू होने से सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे प्रशासनिक, आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और दूरस्थ क्षेत्रों का राज्य की राजधानी से सीधा जुड़ाव मजबूत होगा। साथ ही पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
