Breaking
Mon. Mar 23rd, 2026

कैबिनेट फेरबदल, स्वास्थ्य विभाग धन सिंह रावत से हटाकर सुबोध उनियाल को सौंपा..

कैबिनेट फेरबदल, स्वास्थ्य विभाग धन सिंह रावत से हटाकर सुबोध उनियाल को सौंपा..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की धामी कैबिनेट में हाल ही में हुए विस्तार के बाद अब विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। इस फेरबदल में एक अहम बदलाव स्वास्थ्य विभाग को लेकर सामने आया है। सरकार ने कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली है, जबकि वरिष्ठ नेता सुबोध उनियाल को नया स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। जारी आदेश के अनुसार सीएम धामी ने एक बार फिर कई अहम विभाग अपने पास रखे हैं। इनमें सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और सूचना एवं जनसंपर्क जैसे प्रमुख विभाग शामिल हैं। ये सभी विभाग शासन व्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं, जिनके जरिए प्रशासनिक निर्णयों और कानून-व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण सुनिश्चित किया जाता है।

सुबोध उनियाल को बढ़ी जिम्मेदारी

कैबिनेट विस्तार के बाद सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपना सरकार का एक बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक फैसला माना जा रहा है। इससे पहले उनके पास वन विभाग की जिम्मेदारी थी और अब वे स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान भी संभालेंगे। इसके साथ ही उनके पास निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य जैसे विभाग भी पहले से ही हैं, जिससे उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। सुबोध उनियाल को धामी सरकार के कद्दावर नेताओं में गिना जाता है और वे अपने बेबाक बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। संगठन और सरकार दोनों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है, जिसके चलते उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राजनीतिक सफर रहा दिलचस्प

सुबोध उनियाल का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपनी शुरुआती राजनीति उत्तर प्रदेश से की और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र जीवन से ही सक्रिय राजनीति में कदम रखा। उनकी औपचारिक राजनीतिक शुरुआत कांग्रेस से हुई। साल 2002 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज कर अपनी पहचान बनाई। इसके बाद 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नरेंद्रनगर सीट से दोबारा जीत हासिल की और इसके बाद तत्कालीन त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में मंत्री बने। उस दौरान उनके पास कृषि, बागवानी, वृक्षारोपण और रेशम विकास जैसे विभाग थे।

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर सीट से जीत दर्ज की और सीएम धामी सरकार में मंत्री बने। इस बार उन्हें वन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब ताजा कैबिनेट फेरबदल में उन्हें स्वास्थ्य विभाग भी सौंप दिया गया है, जिसे उनके बढ़ते राजनीतिक कद के तौर पर देखा जा रहा है। धामी कैबिनेट में यह बदलाव कई सियासी संकेत भी दे रहा है। स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील और अहम विभाग को नए हाथों में देना सरकार की प्राथमिकताओं में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि आगामी चुनौतियों को देखते हुए अनुभवी नेताओं को ज्यादा जिम्मेदारी दी जा रही है। फिलहाल, कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे के बाद अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि नए मंत्री अपनी जिम्मेदारियों को किस तरह निभाते हैं और सरकार की योजनाओं को जमीन पर किस गति से उतारते हैं।

 

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *