Breaking
Fri. Apr 3rd, 2026

दून बुक फेस्टिवल 4 अप्रैल से, सीएम धामी करेंगे उद्घाटन, क्या होगा खास..

दून बुक फेस्टिवल 4 अप्रैल से, सीएम धामी करेंगे उद्घाटन, क्या होगा खास..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर साहित्य, कला और संस्कृति के रंगों से सराबोर होने जा रही है। प्रतिष्ठित दून पुस्तक महोत्सव का आयोजन 4 से 12 अप्रैल तक परेड ग्राउंड में किया जाएगा, जहां नौ दिनों तक किताबों और विचारों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस भव्य आयोजन को राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में देशभर से लेखक, पाठक, कलाकार और विचारक एक मंच पर जुटेंगे, जिससे यह आयोजन ज्ञान और संवाद का बड़ा केंद्र बनेगा।

नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक युवराज मलिक के अनुसार यह महोत्सव सिर्फ पुस्तकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें साहित्य, कला और संस्कृति के विविध आयाम देखने को मिलेंगे। खासतौर पर बच्चों के लिए प्रतिदिन ‘चिल्ड्रन फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्टोरी टेलिंग, रचनात्मक कार्यशालाएं, क्विज और इंटरएक्टिव गतिविधियां शामिल होंगी। महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण ‘दून साहित्य उत्सव’ होगा, जहां देश के जाने-माने लेखक, फिल्मकार और बुद्धिजीवी पैनल चर्चाओं और संवाद सत्रों के माध्यम से पाठकों से सीधे जुड़ेंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी इस आयोजन को और खास बनाएंगे।

नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में गढ़वाली और कुमाऊंनी सहित कई भाषाओं की लाखों पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। खास बात यह है कि पुस्तक प्रेमियों के लिए इस आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी इस बार विशेष पहल की गई है। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास ने पिछले वर्ष उत्तराखंड के लेखकों, अनुवादकों और भाषा विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक कार्यशाला आयोजित की थी, जिसके परिणामस्वरूप बाल साहित्य और अन्य कृतियों की पहचान कर उन्हें गढ़वाली और कुमाऊंनी में अनुवादित किया गया। इस प्रयास से तैयार हुई 13 पुस्तकों का विमोचन भी इसी महोत्सव में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 4 अप्रैल को सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि यह महोत्सव न केवल पुस्तक प्रेमियों के लिए खास अनुभव साबित होगा, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा।

 

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *