एक्सप्रेसवे उद्घाटन के साथ पीएम मोदी का रोड शो, दून में उत्सव जैसा माहौल..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में 14 अप्रैल को एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) के उद्घाटन के लिए राज्य पहुंचेंगे। इस मौके को भव्य और यादगार बनाने के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उच्च स्तरीय बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को जन-उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शंखनाद और घंटानाद की व्यवस्था की जाए, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बने।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और इसके बाद गढ़ीकैंट स्थित सभा स्थल तक रोड शो में हिस्सा लेंगे। सीएम ने निर्देश दिए कि रोड शो के दौरान अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों से निकलकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ इस आयोजन का हिस्सा बनें और पूरे प्रदेश में उत्सव जैसा माहौल तैयार करें। सीएम धामी ने यह भी कहा कि आयोजन में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखनी चाहिए। गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकनृत्य व संगीत के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भव्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर राज्य के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, साथ ही पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सीएम के अनुसार यह परियोजना लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाएगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और उत्तराखंड राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा।बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। सरकार का लक्ष्य है कि यह कार्यक्रम प्रदेश के विकास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनकर सामने आए।

