Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

बिजली संकट के बीच बड़ी राहत, 500 मेगावाट सप्लाई शुरू..

बिजली संकट के बीच बड़ी राहत, 500 मेगावाट सप्लाई शुरू..

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के साथ गहराने लगे बिजली संकट के बीच राहत की खबर सामने आई है। राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए यूपीसीएल ने मीडियम टर्म व्यवस्था के तहत खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू करा दी है, जिससे फिलहाल मांग और आपूर्ति के बीच बने दबाव को कुछ हद तक संतुलित करने में मदद मिल रही है। बता दे कि मार्च के शुरुआती दिनों से ही तापमान में बढ़ोतरी के साथ बिजली की मांग तेजी से बढ़ने लगी है, जबकि उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार यूजेवीएनएल के जल विद्युत उत्पादन में उल्लेखनीय कमी आई है। महीने की शुरुआत में जहां उत्पादन करीब 90 लाख यूनिट प्रतिदिन था, वह 15 मार्च तक घटकर लगभग 59 लाख यूनिट रह गया। उत्पादन में आई करीब 35 प्रतिशत गिरावट ने ऊर्जा प्रबंधन को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।

इस कमी की भरपाई के लिए ऊर्जा निगम को खुले बाजार से महंगी दरों पर बिजली खरीदनी पड़ रही है। हालांकि मीडियम टर्म टेंडर के जरिए खरीदी गई 500 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू होने से तत्काल राहत मिली है और अब निगम को प्रतिदिन अतिरिक्त बिजली उपलब्ध हो रही है। वहीं राज्य सरकार ने भविष्य की मांग को देखते हुए केंद्र सरकार से भी अतिरिक्त बिजली की मांग की है, जिस पर सहमति बन चुकी है। इसके तहत अप्रैल माह से 100 मेगावाट और मई में 300 मेगावाट अतिरिक्त बिजली केंद्र के गैर-आवंटित कोटे से राज्य को मिलने लगेगी। इससे आने वाले महीनों में संभावित बिजली संकट को काफी हद तक नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

बता दे कि पिछले वर्ष गर्मियों के दौरान राज्य में बिजली की मांग छह करोड़ यूनिट प्रतिदिन के आंकड़े को पार कर गई थी। ऐसे में इस बार समय रहते वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने की दिशा में उठाए गए कदमों को अहम माना जा रहा है। फिलहाल 500 मेगावाट अतिरिक्त आपूर्ति शुरू होने से ऊर्जा तंत्र को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन आने वाले महीनों में बढ़ती मांग को देखते हुए सतर्कता और बेहतर प्रबंधन की आवश्यकता बनी रहेगी।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *