Breaking
Wed. Jun 3rd, 2026

धारचूला-टनकपुर मार्ग पर हादसा, रोडवेज बस के ब्रेक फेल, चालक की मौके पर मौत..

धारचूला-टनकपुर मार्ग पर हादसा, रोडवेज बस के ब्रेक फेल, चालक की मौके पर मौत..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड के चम्पावत जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यात्रियों से भरी उत्तराखंड परिवहन निगम की बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिसके बाद चालक ने यात्रियों की जान बचाने के लिए सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। हालांकि इस दौरान चालक की जान चली गई, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस धारचूला से टनकपुर की ओर जा रही थी। जब बस लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान और रायकोट के बीच पहुंची, तभी बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। पहाड़ी मार्ग होने के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई और बस में सवार यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने हालात को भांपते हुए बस को अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए उसे पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। बस के पहाड़ी से टकराने के कारण बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों की जान बच गई। लेकिन इसी दौरान चालक की ओर का दरवाजा खुल गया और चालक वाहन से नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे गिरने के बाद बस का एक पहिया चालक के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। मृतक चालक की पहचान चम्पावत निवासी बेनीराम भट्ट के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

चालक की सूझबूझ से बची कई जिंदगियां..

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते बस को पहाड़ी की ओर न मोड़ता तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। चालक की तत्परता और साहस के कारण बस में सवार यात्रियों की जान बच गई, हालांकि उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में ब्रेक फेल होना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने चालक की बहादुरी को याद करते हुए उसे श्रद्धांजलि दी है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *