Breaking
Mon. Jul 27th, 2026

लालकुआं के बेरीपड़ाव में महिला का शव बरामद, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य..

लालकुआं के बेरीपड़ाव में महिला का शव बरामद, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य..

 

 

 

उत्तराखंड: नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। हल्दूचौड़ के बेरीपड़ाव स्थित सरकारी फार्म के भीतर महिला का क्षतिग्रस्त शव बरामद होने के बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वन्यजीव हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतका हल्दूचौड़ क्षेत्र के गोला गेट के पास रहने वाली महिला थी, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद की निवासी बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार महिला मंगलवार शाम घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

बुधवार सुबह परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बेरीपड़ाव स्थित खुरपिया सरकारी फार्म के अंदर महिला का शव पड़ा मिला। शव पर कई गंभीर चोटों और क्षति के निशान पाए गए, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने और घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक स्तर पर यह संभावना सामने आई है कि महिला किसी कारणवश सरकारी फार्म क्षेत्र के भीतर पहुंच गई होगी, जहां वह किसी जंगली जानवर के हमले का शिकार हो सकती है। हालांकि अभी तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि महिला अक्सर देर शाम घर लौटती थी। फिलहाल पुलिस इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा मानकर घटनाक्रम को समझने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासी भी सरकारी फार्म और आसपास के क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *