Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

चुनाव आयोग सख्त, 5 से अधिक वोटों पर आपत्ति दर्ज करने वालों की होगी जांच..

चुनाव आयोग सख्त, 5 से अधिक वोटों पर आपत्ति दर्ज करने वालों की होगी जांच..

उत्तराखंड: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि यदि कोई मतदाता पांच से अधिक मतदाताओं के वोट पर दावा या आपत्ति दर्ज कराता है, तो संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) स्वयं मामले की जांच और सत्यापन करेंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक लगभग 24 लाख प्रस्तावित नोटिसों में से 19 लाख (करीब 77 प्रतिशत) नोटिस बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। अभियान के दौरान 93 हजार से अधिक लोगों ने नए मतदाता के रूप में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 जमा किया है। वहीं, 1.39 लाख से अधिक फॉर्म-7 मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए और करीब 40 हजार फॉर्म-8 विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त हुए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया में एक मतदाता अधिकतम पांच मामलों में आवेदन कर सकता है। इससे अधिक मामलों में प्राप्त आपत्तियों की जांच संबंधित ERO द्वारा नियमानुसार की जाएगी। वहीं, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म जमा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अवधि के दौरान यदि किसी मामले में 30 या उससे अधिक फॉर्म प्रस्तुत किए जाते हैं, तो उनकी भी ERO स्तर पर अलग से जांच और सत्यापन कराया जाएगा।डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि सामान्य त्रुटियों वाले मामलों का निस्तारण BLO आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर अपने स्तर पर करें, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक नहीं हो सकी है, उनके मामलों में ERO और AERO स्तर पर सुनवाई कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर अपने सुझाव एवं फीडबैक साझा किए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *