लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगा जौनपुर महोत्सव, मुख्यमंत्री ने की शिरकत..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव में शिरकत कर क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए 52.55 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कुल 26 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही सड़क, स्वास्थ्य और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर क्षेत्रवासियों को राहत देने का प्रयास किया। महोत्सव के दौरान सीएम ने 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार 11 योजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क संपर्क, शिक्षा, सिंचाई, पार्किंग, पशुपालन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम में सीएम ने जौनपुर महोत्सव को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने वाला आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोकगीत, लोकनृत्य, कला और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। वहीं, खेलकूद प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच मिलता है।
टिहरी झील को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इन्हें विकसित करने के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के इलाकों को विशेष पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण की योजना भी इसी प्रयास का हिस्सा है। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं और कारोबारियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि टिहरी झील में कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि इसे जलक्रीड़ा और एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान मिल सके। इसके अलावा कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के समाधान के लिए करीब छह करोड़ रुपये के सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैं। दस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग का परिवर्तन और डामरीकरण भी कराया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग का निर्माण जारी है।
पलायन रोकने के लिए गांवों में रोजगार पर जोर
पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन को रोकने के लिए सरकार की रणनीति का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना जरूरी है। इसके लिए कृषि, उद्यानिकी, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम के अनुसार, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के उत्पादों की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह किसानों, महिला समूहों और स्थानीय उत्पादकों की मेहनत का परिणाम है। स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, होमस्टे और नई पर्यटन नीति जैसी योजनाएं भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को अपने गांवों में ही आजीविका के बेहतर विकल्प मिलें।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार के जरिए आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय
मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार के रिहायशी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए चार करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति देने की बात कही। थत्यूड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से जुड़ी मांगों पर भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
प्रगतिशील किसान और साहित्यकार का किया सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्रामसभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पुंडीर सेब के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती कर स्वरोजगार के क्षेत्र में उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। वहीं, गढ़वाली भाषा और साहित्य के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया। उन्होंने रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का गढ़वाली भाषा में अनुवाद कर लोकभाषा को समृद्ध करने का कार्य किया है। इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया। स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में विकास योजनाओं और नई घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। सुविधाएं बढ़ने से स्थानीय लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा। कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महोत्सव समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

