मोहनचट्टी को मिलेगी वेलनेस टूरिज्म की नई पहचान..
योग-पंचकर्म के साथ विकसित होगा हर्बल गार्डन..
उत्तराखंड: ऋषिकेश के नजदीक स्थित मोहनचट्टी अब आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर वेलनेस सेंटर का स्वरूप दिया गया है। चिकित्सालय परिसर में पहाड़ी शैली की वास्तुकला के साथ हाईटेक योग हॉल और पंचकर्म कक्ष तैयार किए गए हैं। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में केंद्र का शुभारंभ कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि मोहनचट्टी में आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर की स्थापना से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई पहचान मिलेगी। वेलनेस पर्यटन के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। दरअसल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पूर्व में चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान मोहनचट्टी की प्राकृतिक खूबसूरती और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां आयुर्वेद आधारित पर्यटन विकसित करने की संभावनाओं पर जोर दिया गया था। इसके बाद चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने, योग और पंचकर्म की व्यवस्था करने तथा भवन परिसर को स्थानीय पहाड़ी वास्तुशैली में विकसित करने की योजना तैयार की गई।
परियोजना के तहत योगाभ्यास के लिए आधुनिक हॉल और पंचकर्म उपचार के लिए अलग कक्ष बनाए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सुविधाओं में जरूरी उपकरणों, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को बेहतर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही केंद्र में आने वाले लोगों को व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने और हर्बल गार्डन को आकर्षक रूप देने पर भी जोर दिया गया है। वेलनेस सेंटर परिसर में हर्बल गार्डन भी विकसित किया जा रहा है। यहां विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इनके औषधीय गुणों और पारंपरिक उपयोगों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। इससे यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय वनस्पतियों और आयुर्वेदिक उपचार पद्धति के बारे में जान सकेंगे।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया अवसर
ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित मोहनचट्टी पहले से ही पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में नए वेलनेस सेंटर का लाभ आसपास के ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र में संचालित रिजॉर्ट, कैंप और होमस्टे व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी मिल सकता है। आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक वातावरण को एक साथ जोड़ने वाली यह पहल मोहनचट्टी को वेलनेस पर्यटन के नए गंतव्य के रूप में पहचान दिलाने में सहायक हो सकती है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए रास्ते भी खुलने की संभावना है।

