गंगा स्नान मेले में पहुंचे सीएम धामी, भारत-नेपाल की सांस्कृतिक एकता पर दिया जोर..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में गंगा स्नान मेला 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इस दिन गंगा स्नान को पुण्यदायी माना जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी लगाते हैं। सीएम ने झनकईया मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत-नेपाल सीमा के नजदीक आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के लोगों को आपस में जोड़ने का काम करता है। वर्षों से इस आयोजन में सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग उत्साह के साथ भाग लेते आ रहे हैं। मेले में पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं और पूरनपुर समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि मेले केवल मनोरंजन और धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं होते, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मेलजोल का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन अलग-अलग क्षेत्रों और समुदायों के लोगों को एक मंच पर आने का अवसर देते हैं। इससे आपसी भाईचारे और परंपराओं को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि झनकईया मेले से स्थानीय व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलता है। वहीं हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों, कलाकारों और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों और हुनर को लोगों तक पहुंचाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होता है। इस तरह के आयोजन स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ क्षेत्र की कला और संस्कृति को भी प्रोत्साहित करते हैं। सीएम ने कहा कि ऐसे पारंपरिक मेलों का आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। झनकईया मेला भी इसी परंपरा का हिस्सा है, जहां भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोग एक साथ उत्सव में शामिल होते हैं।

