Breaking
Sat. Jan 24th, 2026

जानिए क्या हैं ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’..

By tvstateagenda.com Aug 16, 2024

जानिए क्या हैं ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’

जिसका हजारों महिलाएं उठा रही लाभ, अभी तक किया लाखों का कारोबार..

 

उत्तराखंड: प्रदेश में शुरू की गई मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना प्रदेश की मातृ शक्ति को सशक्त बनाने में वरदान साबित हो रही हैं। वर्तमान में प्रदेश की करीब 37 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। बीते एक साल में योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों ने पूरे प्रदेश में 318.98 लाख का कारोबार किया है। आपको बता दें बीते साल रक्षाबंधन पर 24 अगस्त, 2023 को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस योजना की शुरुआत की थी। योजना का लक्ष्य महिला समूहों द्वारा बनाए उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध करना था। इसके लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला समूहों द्वारा बनाए स्थानीय उत्पादों की ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाती है। इसके साथ ही उत्पादों के मार्केटिंग की व्यवस्था की जाती है।

प्रदेश के 95 ब्लॉकों में की जा रही उत्पादों की बिक्री..

स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर (मार्केटिंग) रोहित सिंह ने कहा कि योजना के तहत अगस्त 2023 से जून 2024 की समावधि के दौरान प्रदेश के 95 ब्लॉकों में कुल 1428 स्टॉलों के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा 318.98 लाख का कारोबार किया है। इस साल भी विभाग ने प्रत्येक महीने की 25-30 तारीख के बीच ब्लॉक स्तर पर स्टॉल लगाने और प्रदेश में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेलों पर स्टॉल लगाकर समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री को बेचने का निर्णय लिया है। बता दें इस साल देहरादून स्थित सचिवालय में स्टॉल के माध्यम से योजना की शुरुआत की गई है। जल्द ही प्रदेश के अन्य ब्लॉकों में भी स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि योजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिकी में जबरदस्त उछाल आया है। वो आत्मनिर्भर और सशक्तिकरण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। सरकार द्वारा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की पैकेजिंग से लेकर ब्रांडिंग तक की व्यवस्था की जा रही है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *