वात्सल्य योजना के तहत बच्चों को मिली आर्थिक मदद, 2.87 करोड़ रुपये की राशि DBT से जारी..
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत उत्तराखंड सरकार ने पात्र बच्चों के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की सहायता राशि जारी कर दी है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शासकीय आवास स्थित कैंप कार्यालय से 4,812 लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के जरिए करीब 2.87 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत कोरोना महामारी के दौरान माता-पिता या अभिभावक को खोने वाले बच्चों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना में पात्र बच्चों को हर महीने 3,000 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। जून 2026 तक की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है।
जुलाई में 4,812 और अगस्त में 4,779 लाभार्थी
विभाग की ओर से जिला स्तरीय समितियों से अनुमोदित लाभार्थियों के आधार पर जुलाई और अगस्त की सहायता राशि का वितरण किया गया है। जुलाई 2026 के लिए 4,812 लाभार्थियों को 1 करोड़ 44 लाख 36 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। वहीं अगस्त 2026 में 4,779 लाभार्थियों के लिए 1 करोड़ 43 लाख 37 हजार रुपये की राशि जारी की गई। दोनों महीनों को मिलाकर कुल 2 करोड़ 87 लाख 73 हजार रुपये लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए गए हैं।
21 साल की उम्र पूरी करने पर योजना से बाहर हुए बच्चे..
मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना में सहायता पाने वाले बच्चों के लिए निर्धारित आयु सीमा पूरी होने पर लाभ समाप्त हो जाता है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जुलाई 2026 में 38 और अगस्त में 33 बच्चों ने 21 वर्ष की आयु पूरी की। योजना शुरू होने के बाद अब तक 1,513 बच्चे 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा माता-पिता के पुनर्विवाह, लाभार्थी की मृत्यु और अन्य कारणों से 252 बच्चे योजना से बाहर हुए हैं। इस तरह अब तक कुल 1,765 बच्चे योजना के दायरे से बाहर हो चुके हैं।
शिक्षा और भविष्य को मजबूत करने पर जोर..
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि योजना का उद्देश्य कोविड महामारी के दौरान प्रभावित बच्चों को केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि उन्हें शिक्षा, पालन-पोषण और बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे बच्चों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके भविष्य को बेहतर दिशा देने के लिए सहायता जारी रखे हुए है। इस दौरान सीपीओ अंजना गुप्ता सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

