Breaking
Sat. May 23rd, 2026

रुद्रप्रयाग-श्रीनगर मार्ग पर दुर्घटना, स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान

रुद्रप्रयाग-श्रीनगर मार्ग पर दुर्घटना, स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान..

 

 

 

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के बीच उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग07 पर रुद्रप्रयाग से करीब चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। जानकारी के अनुसार वाहन में चालक समेत कुल 9 लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी यात्री घायल हो गए, जबकि वाहन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन तेज मोड़ पर अचानक संतुलन खो बैठा और पलट गया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां सक्रिय हो गईं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह लगभग 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत-बचाव टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा। प्रशासन और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से राहत कार्य तेजी से पूरा किया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में मार्ग को सुचारु कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना में घायल आठ यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। चारधाम यात्रा सीजन के दौरान पहाड़ी मार्गों पर लगातार बढ़ते यातायात और सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही हर आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *