Breaking
Thu. Sep 24th, 2026

रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर..

रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर..

29 सितंबर को देहरादून में भर्ती मेला..

 

उत्तराखंड: रोजगार की तलाश कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में निजी क्षेत्र की 18 कंपनियां हिस्सा लेंगी और अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेला क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। विभाग के अनुसार कंपनियों की ओर से कुल 904 रिक्त पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। अलग-अलग कंपनियों में उपलब्ध पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता मानदंड अलग हो सकते हैं।

देहरादून के साथ अन्य जिलों के युवा भी कर सकेंगे प्रतिभाग

इस रोजगार मेले में सिर्फ देहरादून ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के अन्य जिलों के बेरोजगार युवा भी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में पूर्व पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिन अभ्यर्थियों का पहले से पंजीकरण नहीं है, वे रोजगार मेले के दिन भी मौके पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे। विभाग ने युवाओं से समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की है। रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपने साथ जरूरी दस्तावेज लाने होंगे। इनमें बायोडाटा, मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र शामिल हैं। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी के अनुसार, रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 18 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। उन्होंने बताया कि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

ये कंपनियां रहेंगी मौजूद

29 सितंबर के रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इंफॉर्मेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत अन्य निजी कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों की योग्यता और चयन प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। इच्छुक युवाओं को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ मेले में पहुंचें।

आईटीआई युवाओं के लिए दुबई में नौकरी का अवसर

इसी बीच सेवायोजन विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को विदेश में रोजगार से जोड़ने की पहल भी की जा रही है। योजना के तहत निर्माण क्षेत्र में दुबई में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए आईटीआई या संबंधित आईटीआई प्रमाण-पत्र रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह के अनुभव की शर्त बताई गई है, जबकि न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। विभाग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। रोजगार मेले और वैश्विक रोजगार योजना के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र तथा विदेशों में उपलब्ध नौकरियों से जोड़ने पर फोकस किया जा रहा है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *