सीएम धामी ने चम्पावत में ₹123.79 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास..
उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत दौरे के दौरान जिले को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ परियोजनाओं का लोकार्पण तथा लगभग ₹96 करोड़ की लागत से तैयार होने वाली नौ नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सीएम ने कहा कि इन परियोजनाओं से चम्पावत में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास की गति तेज होगी। कार्यक्रम के दौरान सीएम ने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का भी उद्घाटन किया। इस परियोजना के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रकृतिविद एवं पर्यावरण प्रेमी जिम कॉर्बेट से जुड़े स्थलों का विकास, सौंदर्यीकरण और अन्य निर्माण कार्य किए गए हैं। उन्होंने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में प्रस्तावित आधुनिक सिटी सेंटर परियोजना का भूमि पूजन भी किया।
सीएम ने कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मंदिरों के पुजारियों, पूर्व सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के प्रतिनिधियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, ढाबा संचालकों, स्वच्छाग्रहियों, शिक्षकों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, टैक्सी यूनियन, बैंक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, बुद्धिजीवियों और मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि चम्पावत को उत्तराखंड का आदर्श और मॉडल जनपद बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का संतुलित विकास सरकार का लक्ष्य है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना, कृषि, महिला सशक्तिकरण, व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में चम्पावत लगातार नई पहचान बना रहा है।
सीएम ने कहा कि सरकार केवल सड़कें और भवन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा विकसित चम्पावत तैयार करना चाहती है जहां युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर मिलें, महिलाएं आत्मनिर्भर बनें, किसानों की आय बढ़े और व्यापारियों को नए कारोबार के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा, जिससे पार्किंग की समस्या का समाधान होने के साथ स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले में व्यापारिक परिसरों के विकास, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और युवाओं के लिए विभिन्न सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है। खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा, जबकि विज्ञान शिक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण भी प्रस्तावित है।
सीएम ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सीएम ने कहा कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा लगभग ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। इसके अलावा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक तथा पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का आज लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि विकसित चम्पावत की मजबूत नींव हैं। इनसे युवाओं को नए अवसर, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि, व्यापार को नई गति और पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में चम्पावत समावेशी, संतुलित और सतत विकास का उदाहरण बनकर विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान भी किया।

