Breaking
Tue. Jun 23rd, 2026

आईटीआई छात्रों को मिलेगा डबल फायदा, अग्निवीर भर्ती में बोनस और इंडस्ट्री ट्रेनिंग..

आईटीआई छात्रों को मिलेगा डबल फायदा, अग्निवीर भर्ती में बोनस और इंडस्ट्री ट्रेनिंग..

 

 

उत्तराखंड: तकनीकी शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। उत्तराखंड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस बार न केवल छात्रों को अपनी पसंद के 10 संस्थानों और ट्रेडों का चयन करने की सुविधा मिलेगी, बल्कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में विशेष लाभ भी प्राप्त होगा। इसके अलावा देश की प्रमुख कंपनियों में प्रशिक्षण और मासिक स्टाइपेंड पाने का अवसर भी युवाओं को मिलेगा।

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से राज्य के सभी राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया को दो चरणों में विभाजित किया गया है ताकि छात्रों को पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से प्रवेश मिल सके। पहले चरण में विद्यार्थियों को अपना पंजीकरण कर व्यक्तिगत विवरण, शैक्षिक योग्यता और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके आधार पर राज्य स्तरीय मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद केंद्र सरकार द्वारा सीट मैट्रिक्स जारी होने पर दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू होगी। इस चरण में छात्र अपनी मेरिट और रैंक के अनुसार न्यूनतम एक और अधिकतम 10 संस्थानों तथा ट्रेडों का चयन कर उन्हें प्राथमिकता क्रम में लॉक कर सकेंगे।

राज्य में वर्तमान समय में 153 राजकीय और 82 निजी आईटीआई संचालित हैं, जहां हजारों छात्र विभिन्न तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। कौशल विकास विभाग का मानना है कि आईटीआई शिक्षा युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का सबसे प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी दिशा में इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक छात्र हितैषी बनाया गया है। कौशल विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। एक वर्षीय कोर्स पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को 30 बोनस अंक और दो वर्षीय कोर्स करने वाले छात्रों को 40 बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे। इससे आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में अतिरिक्त बढ़त मिलने की संभावना रहेगी।

इसके अलावा आईटीआई उत्तीर्ण छात्र तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए पॉलिटेक्निक संस्थानों में सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश भी प्राप्त कर सकते हैं। लेटरल एंट्री की इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा हासिल करने का बेहतर अवसर मिलेगा। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया का प्रमुख आकर्षण दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली (डीएसटी) है। इस व्यवस्था के तहत छात्रों को कक्षा आधारित प्रशिक्षण के साथ-साथ उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा। राज्य के 54 राजकीय आईटीआई संस्थानों ने देश की अग्रणी कंपनियों के साथ समझौते किए हैं, जिससे विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान ही औद्योगिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्राप्त होगा।

दो वर्षीय पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को छह से बारह महीने तक तथा एक वर्षीय कोर्स के छात्रों को तीन से छह महीने तक उद्योगों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान विद्यार्थियों को संबंधित कंपनियों की ओर से प्रतिमाह 8 हजार से 12 हजार रुपये तक का स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही भोजन, परिवहन और सुरक्षा उपकरण जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शैक्षिक योग्यता की बात करें तो विभिन्न ट्रेडों के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं और दसवीं पास निर्धारित की गई है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर से दसवीं उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को पांच प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज भी दिया जाएगा, जिससे उन्हें मेरिट में लाभ मिल सके।

आवेदन शुल्क अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अन्य सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 350 रुपये रखा गया है। राज्य सरकार की आरक्षण नीति के अनुसार विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा। महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। कौशल विकास विभाग ने विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि आईटीआई शिक्षा के माध्यम से युवा न केवल तकनीकी कौशल प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि रोजगार, स्वरोजगार और रक्षा सेवाओं में भी बेहतर अवसर हासिल कर सकते हैं। आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, उद्योगों में अनुभव और सरकारी योजनाओं के लाभ को देखते हुए इस वर्ष बड़ी संख्या में युवाओं के आईटीआई की ओर आकर्षित होने की उम्मीद है।

महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन भरने का प्रथम चरण : पांच जुलाई तक
राज्य स्तरीय मेरिट का प्रकाशन : सात जुलाई
दूसरे चरण में विकल्प भरने की तिथि : आठ से 15 जुलाई
प्रथम काउंसलिंग के तहत संस्थान आवंटन : 18 जुलाई
प्रथम काउंसलिंग की आवंटित सीटों पर दाखिले : 19 से 26 जुलाई

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *