Breaking
Mon. May 18th, 2026

महिलाओं को सशक्त बनाने की नई पहल, वेबसाइट और AI ऐप से मिलेगी हर योजना की जानकारी..

महिलाओं को सशक्त बनाने की नई पहल, वेबसाइट और AI ऐप से मिलेगी हर योजना की जानकारी..

 

 

 

उत्तराखंड: महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। अब केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इसके लिए महिला सशक्तीकरण से जुड़ी वेबसाइट, विशेष पत्रिका और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘शक्ति एआई’ ऐप लॉन्च किया गया है। रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी डिजिटल माध्यमों का औपचारिक लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छड़ायल स्थित एक बैंक्वेट हॉल में किया गया, जहां महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि अक्सर महिलाओं को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी समय पर नहीं मिल पाती, जिसके कारण वे कई लाभकारी योजनाओं से वंचित रह जाती हैं। नई वेबसाइट और ऐप के माध्यम से अब महिलाओं को उनकी जरूरत और पात्रता के अनुसार योजनाओं की पूरी जानकारी सरल भाषा में एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सांसद अजय भट्ट ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए महिलाओं को योजनाओं की जानकारी देना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट पर विभिन्न सरकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी आसान तरीके से दी गई है, ताकि महिलाएं बिना किसी परेशानी के इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि हर महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि वेबसाइट और ‘शक्ति एआई’ ऐप को इस तरह तैयार किया गया है कि महिलाएं घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन के जरिए योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकें। साथ ही पत्रिका के माध्यम से भी महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों और मार्गदर्शन से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा, स्वास्थ्य सेवा, कला, संगीत, महिला नेतृत्व और स्वयं सहायता समूहों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व लगातार बढ़ रहा है और ऐसी पहलें उन्हें और अधिक सशक्त बनाने में मदद करेंगी। इस अवसर पर कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट और पूजा लटवाल ने किया। आयोजन में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों का कहना है कि आने वाले समय में इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को और अधिक विस्तारित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं सरकारी योजनाओं और अवसरों से जुड़ सकें।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *