कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज में सोमवार सुबह हाथियों के झुंड ने राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने कई वाहनों को निशाना बनाया और शिक्षकों से भरे एक टेंपो ट्रैवलर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के चलते हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी स्टोर के पास अचानक हाथियों का झुंड हाईवे पर पहुंच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे टेंपो ट्रैवलर को हाथियों ने घेर लिया। वाहन में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं सवार थे। हाथियों ने वाहन में रखा सामान भी बिखेर दिया, जिससे शिक्षकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने किसी तरह वाहन से दूर जाकर अपनी जान बचाई।
इस दौरान हाथियों ने हाईवे से गुजर रहे कुछ अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। सुबह करीब पांच बजे से साढ़े सात बजे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
कोटद्वार रेंज के रेंजर विपिन चंद्र जोशी के अनुसार, झुंड में कई शिशु हाथी भी शामिल थे। नीचे नदी का जलस्तर अधिक होने और वाहनों से रास्ता बाधित होने के कारण हाथी तनाव में आ गए और आक्रामक हो गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथियों को जंगल की ओर सुरक्षित खदेड़ा।
वन विभाग ने लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर हाथियों का झुंड दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और उनका रास्ता रोकने या उन्हें परेशान करने की कोशिश न करें।

