Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

उत्तरकाशी के हिमालयी क्षेत्र में राहत-बचाव जारी, धामी ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश..

By tvstateagenda.com Sep 28, 2026

उत्तरकाशी के हिमालयी क्षेत्र में राहत-बचाव जारी, धामी ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम और बर्फबारी के बीच चल रहे राहत एवं बचाव अभियान को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से जानकारी ली। दिल्ली से ही मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति और रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति का अपडेट लिया। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बर्फबारी प्रभावित इलाकों में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए सभी ट्रेकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और जरूरत के मुताबिक संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।

हर ट्रेकर को सुरक्षित घर पहुंचाने के निर्देश
सीएम धामी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद प्रत्येक पर्यटक और ट्रेकर को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता होनी चाहिए। रेस्क्यू के बाद यात्रियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ भोजन, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला हर तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य के लिए अतिथि के समान है। ऐसे में संकट की स्थिति में उनकी सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। रेस्क्यू अभियान के तहत ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाल लिया गया है। हवाई रेस्क्यू के बाद सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलिपैड पहुंचाया गया। हर्षिल में ट्रेकर्स को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य जांच और आवश्यक सहायता के बाद उन्हें आगे के लिए रवाना किया गया।

कालिंदी पास में भी जारी है अभियान
उच्च हिमालयी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेली रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। दुर्गम इलाके और मौसम की चुनौती के बीच बचाव दल स्थिति के अनुसार अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद लोगों की स्थिति की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल हवाई बचाव की व्यवस्था की जाए।

बारिश से हुए नुकसान की भी समीक्षा
सीएम ने हाल में हुई बारिश से राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए नुकसान को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ बंद सड़कों को जल्द खोलने पर जोर दिया। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का काम प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन सामान्य हो सके और राहत-बचाव कार्यों में भी किसी तरह की बाधा न आए।

प्रशासन को लगातार निगरानी के निर्देश
सीएम ने आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फिलहाल ऑडेन कोल से 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि कालिंदी पास क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। प्रशासन का फोकस प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद सभी लोगों की सुरक्षित वापसी और उन्हें आवश्यक चिकित्सा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *