Breaking
Sun. Jun 14th, 2026

गुप्तकाशी में बाल वैज्ञानिकों से मिले सीएम धामी, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ संवाद कार्यक्रम..

गुप्तकाशी में बाल वैज्ञानिकों से मिले सीएम धामी, पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ संवाद कार्यक्रम..

 

 

उत्तराखंड: सीएम पुष्कर सिंह धामी सोमवार को गुप्तकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यू-कॉस्ट) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चतुर्थ सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। यह दो दिवसीय आयोजन 15 और 16 अक्टूबर को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गुप्तकाशी में आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में सीमांत जनपदों चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चंपावत से आए 240 बाल वैज्ञानिक अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बाल वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए कहा कि आने वाला भविष्य इन्हीं बच्चों के नवाचार और जिज्ञासा पर आधारित होगा। सीएम धामी ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में विकास की दिशा तय करता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के बच्चे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्कूलों में विज्ञान शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए स्मार्ट साइंस लैब, मोबाइल साइंस वैन और इनोवेशन प्रोजेक्ट्स जैसी योजनाएं लागू की जा रही हैं। इस मौके पर यू-कॉस्ट के वैज्ञानिकों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में बाल वैज्ञानिकों ने अपने प्रोजेक्ट्स और नवाचारों का प्रदर्शन किया, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, अक्षय ऊर्जा, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। सीएम ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश में विज्ञान संस्कृति के विस्तार और भविष्य के वैज्ञानिकों को मंच देने का कार्य कर रहे हैं।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *