‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में छात्रों का उत्साह, 2.5 लाख से अधिक निबंध जमा..
उत्तराखंड: उत्तराखंड के भविष्य को लेकर स्कूली छात्रों की सोच जानने के लिए शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। अब तक 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पोर्टल के माध्यम से निबंध और अपने सुझाव भेजे हैं। छात्रों ने अलग-अलग क्षेत्रों को लेकर अपनी उम्मीदें और विचार साझा किए हैं। यह अभियान सीएम पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किया गया है। 10 अगस्त को सीएम ने प्रदेश के कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने छात्रों से पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लेना शुरू किया।
पर्यटन से लेकर तकनीक तक छात्रों ने रखे विचार
अभियान में विद्यार्थियों को आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर दिया गया है। इनमें पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। छात्रों की ओर से दिए जा रहे सुझावों को केवल निबंध के तौर पर नहीं देखा जा रहा, बल्कि इन्हें प्रदेश की युवा पीढ़ी की प्राथमिकताओं और भविष्य को लेकर उनकी सोच के रूप में भी देखा जा रहा है। अभियान के तहत प्राप्त प्रविष्टियों में से 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके विजन को जानेंगे।चयनित छात्रों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य पुरस्कार दिए जाने की भी व्यवस्था की गई है। अभियान में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
24 अगस्त तक भेज सकते हैं निबंध
अभियान में प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी जिलों के साथ सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। अब तक बड़ी संख्या में छात्र अपनी प्रविष्टियां जमा कर चुके हैं। विद्यार्थियों के पास अपने निबंध और सुझाव पोर्टल पर जमा करने के लिए 24 अगस्त तक का समय है। सरकार की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी इस पहल से जुड़कर उत्तराखंड के विकास को लेकर अपनी सोच सामने रखें। सीएम धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के विचार उत्तराखंड के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए सरकार नई पीढ़ी की सोच और उनकी प्राथमिकताओं को समझने का प्रयास कर रही है। सीएम के अनुसार, युवाओं की ओर से आने वाले उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार चाहती है कि जिस उत्तराखंड का सपना युवा देख रहे हैं, उसके निर्माण में उन्हें भी भागीदार बनाया जाए।

