Breaking
Thu. Nov 19th, 2026

अब देहरादून जू में दिखेगा सफेद बाघ, सीएम धामी ने पर्यटकों को समर्पित किया ‘तेजस’..

अब देहरादून जू में दिखेगा सफेद बाघ, सीएम धामी ने पर्यटकों को समर्पित किया ‘तेजस’

 

उत्तराखंड:  मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटकों को सफेद बाघ का दीदार करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के लिए बनाए गए बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित कर दिया गया। सीएम ने कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। इससे पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। सीएम ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी खास पहचान रखता है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने के बाद पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में बाघों की अन्य प्रजातियों को लाया गया था, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने विद्यार्थियों को लेकर एक अहम घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी निशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसका अच्छा परिणाम देखने को मिला है। सीएम के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को किताबों के ज्ञान के साथ प्रकृति और वन्यजीवों को करीब से समझने का अवसर देना है। चिड़ियाघर में भ्रमण के दौरान विद्यार्थी जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और पारिस्थितिकी तंत्र के बारे में व्यावहारिक जानकारी हासिल कर सकेंगे।

पर्यटन के साथ पर्यावरण जागरूकता का भी केंद्र है चिड़ियाघर..
सीएम ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल घूमने-फिरने की जगह नहीं है, बल्कि यह वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को विभिन्न वन्यजीव प्रजातियों, जंगलों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना बेहद जरूरी है। वन्यजीवों का संरक्षण तभी प्रभावी हो सकता है, जब समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़े। चिड़ियाघर इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय लिहाज से संवेदनशील राज्य है। यहां हर साल अलग-अलग प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाते समय पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। उत्तराखंड की वन संपदा और जैव विविधता राज्य की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। प्रदेश देश के प्रमुख वन संपन्न राज्यों में शामिल है। इन प्राकृतिक संसाधनों और वन्यजीवों का संरक्षण करना सभी की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार पर्यावरण और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सफेद बाघ तेजस के आगमन और विद्यार्थियों के लिए मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था से देहरादून चिड़ियाघर पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में भी नई भूमिका निभाएगा।

 

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *