शीतलहर से निपटने के लिए सरकार की तैयारी तेज, ठंड प्रभावित क्षेत्रों में पहले से होंगे इंतजाम..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में सर्दियों के दौरान शीतलहर, पाले और बर्फबारी से पैदा होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को अलर्ट रहने को कहा है। प्रशासन को ठंड से प्रभावित होने वाले इलाकों की पहचान करने के साथ ही जरूरतमंद लोगों तक समय पर मदद पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, सरकार ने शीतलहर के दौरान आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा है। इसके लिए सभी जिलों को अपना कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट करना होगा। साथ ही जिला, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय रखे जाएंगे। संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त कर उनके संपर्क नंबर आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पहले से चिह्नित होंगे शीतलहर प्रभावित क्षेत्र
प्रशासन को उन इलाकों की पहचान करने को कहा गया है, जहां सर्दियों में पाला, बर्फबारी और अत्यधिक कम तापमान का ज्यादा असर देखने को मिलता है। इसमें विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों, दुर्गम गांवों और दूरस्थ इलाकों पर ध्यान दिया जाएगा। इन स्थानों पर सड़क संपर्क बाधित होने और जरूरी सेवाओं की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पहले से की जाएगी। इसके अलावा ऐसे लोगों की सूची तैयार की जाएगी, जिन्हें कड़ाके की ठंड के दौरान विशेष सहायता की जरूरत पड़ सकती है। इसमें बुजुर्ग, अकेले रहने वाले लोग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति, बेघर लोग और खुले में काम करने वाले श्रमिक शामिल होंगे। जरूरत के मुताबिक इन्हें कंबल, गर्म कपड़े, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रैन बसेरों में मिलेंगी जरूरी सुविधाएं, सार्वजनिक स्थानों पर जलेंगे अलाव
ठंड से बचाव के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार रैन बसेरे और अस्थायी आश्रय स्थल तैयार किए जाएंगे। इनमें हीटर, गर्म पानी, बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके साथ ही बस अड्डों, बाजारों, अस्पतालों और श्रमिकों की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन को पर्याप्त ईंधन का इंतजाम करने और अलाव के सुरक्षित संचालन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में दवाओं और एंबुलेंस की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था
सर्दियों में ठंड के कारण होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष तैयारी करने को कहा गया है। जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा जाएगा। चिकित्सा दलों और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ मोबाइल मेडिकल टीमों को भी तैयार रखा जाएगा। विशेष रूप से हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान सामान्य से काफी नीचे चले जाने और फ्रॉस्टबाइट यानी अत्यधिक ठंड से शरीर के ऊतकों को नुकसान पहुंचने जैसी स्थितियों में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
पाले वाली सड़कों पर नमक और चूने का होगा छिड़काव
सर्दियों में पहाड़ी मार्गों पर पाला जमने से सड़कें बेहद फिसलन भरी हो जाती हैं। ऐसे में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को पाला और बर्फबारी से प्रभावित होने वाले मार्गों की पहले से पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील सड़कों पर चेतावनी बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। वहीं, पाले से प्रभावित मार्गों पर नियमित रूप से नमक और चूने का छिड़काव किया जाएगा, ताकि वाहनों के फिसलने की घटनाओं को रोका जा सके। बर्फबारी के कारण सड़क बंद होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने के लिए मशीनरी और जरूरी उपकरण पहले से तैनात रखने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मार्च तक जमा रहेगा राशन और ईंधन का स्टॉक
उच्च हिमालयी और दूरस्थ क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण कई बार सड़क संपर्क लंबे समय तक बाधित हो जाता है। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों को खाद्यान्न और ईंधन की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार ने अग्रिम भंडारण पर जोर दिया है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे क्षेत्रों में मार्च महीने तक पर्याप्त खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान उपलब्ध कराया जाए। इससे बर्फबारी के दौरान भी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बनी रहेगी और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार की इस तैयारी का उद्देश्य सर्दियों में संभावित आपदाओं और शीतलहर के प्रभाव को कम करना है। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करना है।

