स्वास्थ्य विभाग में बड़ी भर्ती, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 335 पदों पर आवेदन शुरू..
उत्तराखंड: उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ANM) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत अब कुल 335 पदों को भरा जाएगा, जिसके लिए 21 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है। बोर्ड द्वारा जारी संशोधित विज्ञप्ति के अनुसार अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 4 मई तय की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
दरअसल, इससे पहले 14 नवंबर 2025 को 180 पदों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की गई थी। अब नए पदों को शामिल करते हुए कुल संख्या बढ़ाकर 335 कर दी गई है। ऐसे में यह भर्ती अभियान प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन की कमी को दूर करने में अहम भूमिका निभाएगा। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर दिया था, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। उनके आवेदन स्वतः ही मान्य रहेंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए राज्य के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की योजना है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सके और जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़े।

