Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

उत्तराखंड को मिली बड़ी परिवहन सौगात, नमो भारत ट्रेन से जुड़ेगा ऋषिकेश..

उत्तराखंड को मिली बड़ी परिवहन सौगात, नमो भारत ट्रेन से जुड़ेगा ऋषिकेश..

 

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में आधुनिक और तेज रफ्तार परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल आकार लेती दिखाई दे रही है। मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत (आरआरटीएस) ट्रेन सेवा के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उत्तराखंड सरकार के प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सहमति बन गई है। अब परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सर्वेक्षण कार्य शुरू किए जाने की तैयारी है। यदि यह परियोजना निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ती है तो पहली बार उत्तराखंड भी देश की हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे राज्य में पर्यटन, तीर्थाटन और क्षेत्रीय संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन पहले ही शुरू हो चुका है और इसे देश की सबसे आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन परियोजनाओं में शामिल किया जाता है। लंबे समय से इस हाई-स्पीड सेवा को उत्तराखंड तक विस्तारित करने की मांग उठती रही है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी केंद्र सरकार के समक्ष इस प्रस्ताव को प्रमुखता से रखा था और इसे राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया था। बताया जा रहा है कि प्रस्तावित विस्तार के तहत नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से आगे बढ़ाया जाएगा। यह मार्ग मुजफ्फरनगर से होकर उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेगा और रुड़की, हरिद्वार तथा ऋषिकेश को जोड़ते हुए लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 150 किलोमीटर होगी, जिसमें करीब 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और लगभग 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में आएगा।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए दोनों राज्यों और एनसीआरटीसी स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है। उत्तराखंड सरकार की ओर से परियोजना समन्वय की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि एनसीआरटीसी भी तकनीकी और सर्वेक्षण संबंधी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना उत्तराखंड के लिए कई मायनों में गेम चेंजर साबित हो सकती है। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से पहुंचने में सामान्य परिस्थितियों में पांच से छह घंटे तक का समय लग जाता है। लेकिन नमो भारत ट्रेन के विस्तार के बाद यह यात्रा लगभग ढाई से तीन घंटे के भीतर पूरी की जा सकेगी। इससे यात्रियों को समय की बचत के साथ अधिक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा मिलेगी।

चारधाम यात्रा, हरिद्वार-ऋषिकेश पर्यटन सर्किट और कॉर्पोरेट यात्राओं के लिहाज से भी यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक हरिद्वार एवं ऋषिकेश पहुंचते हैं। हाई-स्पीड रेल सेवा शुरू होने से इन शहरों तक पहुंचना आसान होगा, जिससे पर्यटन कारोबार को भी नई मजबूती मिल सकती है। विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन क्षेत्र और अन्य सेवा क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा। इसके साथ ही राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। आधुनिक परिवहन अवसंरचना का विकास क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति देने में अहम भूमिका निभाता है और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड को राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क से और अधिक मजबूती से जोड़ेगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आधुनिक, तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर रेल और परिवहन अवसंरचना के विकास से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। अब सभी की निगाहें डीपीआर सर्वे और आगामी तकनीकी प्रक्रियाओं पर टिकी हैं, जिनके पूरा होने के बाद परियोजना के अगले चरण की औपचारिक शुरुआत हो सकेगी।

 

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *