Breaking
Wed. Nov 18th, 2026

सड़क हादसों में मौत के मामले में उत्तराखंड दूसरे नंबर पर, दुर्घटनाओं में भी लगातार इजाफा..

सड़क हादसों में मौत के मामले में उत्तराखंड दूसरे नंबर पर, दुर्घटनाओं में भी लगातार इजाफा..

 

 

 

उत्तराखंड: उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क दुर्घटनाओं और उनमें जान गंवाने वाले लोगों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। पर्वतीय राज्यों के तुलनात्मक आंकड़ों में उत्तराखंड सड़क दुर्घटनाओं के मामले में चौथे स्थान पर है, जबकि हादसों में होने वाली मौतों के लिहाज से प्रदेश दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। ये आंकड़े राज्य में सड़क सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर गंभीर चुनौती की ओर इशारा कर रहे हैं। पर्वतीय राज्यों में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर नजर डालें तो असम इस सूची में सबसे ऊपर है। वर्ष 2023 में असम में 7,421 सड़क हादसे दर्ज किए गए थे, जबकि 2024 में यह संख्या बढ़कर 7,848 हो गई। जम्मू-कश्मीर में वर्ष 2023 के दौरान 6,298 दुर्घटनाएं हुईं, जबकि 2024 में इनकी संख्या घटकर 5,808 रह गई। हिमाचल प्रदेश में भी सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आए। यहां वर्ष 2023 में 2,253 और 2024 में 2,156 हादसे दर्ज किए गए। वहीं उत्तराखंड में दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ी है। प्रदेश में 2023 के दौरान 1,691 सड़क हादसे हुए थे, जबकि 2024 में इनकी संख्या बढ़कर 1,747 हो गई। दूसरी ओर, मिजोरम में सबसे कम सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। यहां 2023 में 106 और 2024 में 108 हादसे हुए।

हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ी
सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के आंकड़े उत्तराखंड के लिए ज्यादा चिंताजनक हैं। पर्वतीय राज्यों की सूची में असम के बाद उत्तराखंड दूसरे स्थान पर है। वर्ष 2023 में प्रदेश में सड़क हादसों के कारण 1,054 लोगों की जान गई थी। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 1,090 हो गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या के साथ-साथ उनमें होने वाली मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाने में लापरवाही, तेज रफ्तार और दुर्घटनाओं के दौरान समय पर राहत एवं बचाव जैसी चुनौतियां सड़क सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।

2026 में भी नहीं थम रहे सड़क हादसे
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2026 के बीच उत्तराखंड में कुल 1,480 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इसकी तुलना में वर्ष 2025 की समान अवधि में 1,289 हादसे हुए थे। यानी इस साल दुर्घटनाओं की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मृतकों और घायलों के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। जनवरी से अगस्त 2025 के बीच सड़क हादसों में 881 लोगों की मौत हुई थी और 1,817 लोग घायल हुए थे। वहीं, जनवरी से अगस्त 2026 के दौरान 884 लोगों की जान चली गई, जबकि घायलों की संख्या बढ़कर 2,181 हो गई। इस तरह पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले इस साल सड़क दुर्घटनाओं में तीन अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि घायलों की संख्या में 364 का इजाफा हुआ है।

हादसों पर अंकुश लगाने के लिए किए जा रहे प्रयास
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा के मुताबिक, सड़क हादसों में कमी लाने के लिए विभाग की ओर से विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है। हालांकि, लगातार बढ़ते दुर्घटना और घायलों के आंकड़े यह संकेत दे रहे हैं कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभी और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। खासकर पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग, यातायात नियमों का पालन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करना बेहद जरूरी है। उत्तराखंड में सड़क हादसों का बढ़ता आंकड़ा अब केवल परिवहन विभाग के लिए ही नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।

 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *